कुरुक्षेत्र। हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समर्थन में आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने एलान किया है कि 18 जनवरी को परिवहन मंत्री अनिल विज के निवास का घेराव किया जाएगा, इसके लिए राज्य और डिपो स्तर पर बैठकें कर रणनीति तैयार की गई है। जिला प्रधान नरेंद्र पांचाल की अगुवाई में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी जायज मांगें लंबित पड़ी हैं, जिससे उनमें भारी रोष है। चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों का समाधान नहीं किया तो हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन साझा मोर्चा के साथ मिलकर पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।यूनियन ने सरकार से अपील की है कि रोडवेज यूनियनों को बातचीत के लिए बुलाकर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान किया जाए। अन्यथा 18 जनवरी को परिवहन मंत्री अनिल विज के गृह क्षेत्र में मोर्चा खोला जाएगा।
ये हैं यूनियन की मुख्य मांगे
यूनियन की प्रमुख मांगों में सात मार्च 2025 को जारी अधिसूचना के तहत 362 मार्गों पर 3658 निजी बस परमिट देने की योजना को रद्द करना, किलोमीटर स्कीम व ठेका नीति को समाप्त करना, वर्ष 2002 में भर्ती चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का कर पुरानी पेंशन योजना में शामिल करना, कर्मचारियों को पुलिस कर्मियों की तरह एक माह के वेतन के बराबर बोनस देना तथा वर्षों से लंबित बोनस का भुगतान करना शामिल है, इसके अलावा ड्यूटी के दौरान चालक-परिचालकों के साथ हो रही मारपीट की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाने की भी मांग की गई है।