फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोडवेज चालक ने यात्री को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, सिर पर दस टांके लगे

Thu, 31 Jul 2014 11:56 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कुरुक्षेत्र
विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा रोडवेज के बस के चालक ने लोहे की रॉड से एक यात्री पर जानलेवा हमला कर सिर फोड़ दिया। लोगों द्वारा बीच-बचाव करने के बाद चालक ने यात्री को छोड़ा और फिर मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन


वहीं लहूलुहान अवस्था में घायल यात्री को मथाना सीएचसी पहुंचाया। जहां उसके सिर में दस टांके लगे। प्राथमिक उपचार देने के बाद कुरुक्षेत्र स्थित एलएनजेपी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई। हालांकि इस बारे में समाचार लिखे जाने तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। क्योंकि घायल का पूरी तरह से होश में नहीं आया है।
विज्ञापन


प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण कृष्ण चंद ने बताया कि बस ड्राइवर ने रामचंद्र को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। रामचंद्र ने हाथ जोड़कर रहम की गुहार भी लगाई, लेकिन फिर भी आरोपी का मन नहीं पसीजा और कई बार रॉड से सिर पर वार किया।

लाडवा निवासी घायल रामचंद्र पुत्र कृष्ण लाल ने बताया कि वह टाटा ऐस गाड़ी चलाकर आजीविका चलाता है। वीरवार को वह कुरुक्षेत्र में टैक्स भरने के बाद कुरुक्षेत्र डिपो की बस से लाडवा लौट रहा था।

इस बीच गादली गांव निवासी ड्राइवर सुरेंद्र सिंह बस को तेज गति से चलाने लगा। उसने उसे बस को धीरे चलाने के लिए कहा। एक बार कहने पर जब चालक ने उसकी न सुनी, तो फिर उसने उसे दोबारा टोका।

इसके बाद बस चालक तैश में आ गया और उसने गांव मथाना के स्टॉपेज पर बस रोकते ही उसे पर लोहे की रॉड से हमला कर सिर फोड़ दिया।

हालांकि रामचंद्र बस से उतर कर भागा लेकिन चालक ने उसका पीछा करते हुए उसे लहूलुहान कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो लोगों द्वारा बीच-बचाव करने के बाद चालक ने रामचंद्र को छोड़ा और मौके से फरार हो गया।

इसके बाद घायल को सीएचसी तक पहुंचाया गया। जहां घायल के सिर में लगभग दस टांके लगाए गए। इसके बाद सीएचसी मथाना से घायल को सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र रेफर कर दिया। घायल रामचंद्र ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

गुंडे कर्मी पर सरकार करे कार्रवाई
सूचना मिलते ही सीएचसी पहुंची घायल रामचंद्र की विधवा मां मामो देवी ने कहा कि कर्मचारी यात्रियों का सिर फोड़ते हैं, ऐसे लोगों को रोडवेज में रहने का हक नहीं है। सरकार और प्रशासन को ऐसे गुंडे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनको सबक सिखाना चाहिए।

रिपोर्ट आते ही करेंगे कार्रवाई : टीएम
निगम के टीएम मेजर सिंह ने कहा कि रोडवेज कर्मी द्वारा यात्री का सिर फोड़ने की घटना की जानकारी मिली है। रोडवेज के चालकों यात्रियों से नरम रवैया अपनाने के सख्त निर्देश दिए हैं। मामले की जैसे ही उनके पास रिपोर्ट आएगी तुरंत चालक पर कार्रवाई होगी।

निजी वाहनों से जाने का विवश हुए यात्री
गांव मथाना बस स्टॉपेज पर घटनाक्रम के बाद बस रुकी रही। जिससे बस सवार यात्रियों को अन्य बसों और टेंपो से अपने गंतव्य तक जाना पड़ा। इससे यात्रियों के समय का भी नुकसान हुआ और साथ ही किराया भी डबल खर्च कर आर्थिक हानि उठानी पड़ी।

एक्सीडेंट मामले में टर्मिनेट हो चुका है सुरेंद्र
दीपक कश्यप/ कुरुक्षेत्र। लोहे की रॉड से निजी वाहन चालक रामचंद्र को लहूलुहान करने वाला हरियाणा राज्य परिवहन निगम कुरुक्षेत्र डिपो का बस चालक सुरेंद्र सिंह एक बार टर्मिनेट हो चुका है।

जुलाई 2000 में उपमंडल पिहोवा में हुए एक सड़क हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए तत्कालीन जीएम केएल दुआ ने सुरेंद्र सिंह को टर्मिनेट कर दिया था।

इस हादसे में एक लड़के की मौत हो गई थी। जिसके बाद लापरवाही का आरोपी मानते हुए सुरेंद्र को महाप्रबंधक केएल दुआ ने आदेश जारी किए थे। हालांकि  पांच साल बाद पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना करते सुरेंद्र को रि-ज्वाइनिंग कराया गया था।

लाइसेंस वेरिफिकेशन कराने को कहा था हाईकोर्ट ने
रि-ज्वाइनिंग का मौका देते हुए हाईकोर्ट ने निगम को सुरेंद्र के लाइसेंस की वेरिफिकेशन कराने के आदेश भी दिए थे। आदेशों में कहा गया था कि वेरिफिकेशन के दौरान अगर लाइसेंस में गडबड़ी नहीं पाई जाती है तो उसे दोबारा नौकरी पर रखा जाए। यहां सुरेंद्र का किस्मत ने साथ दिया और वेरिफिकेशन में लाइसेंस वैध मिला।

यमुनानगर रूट पर है ड्यूटी
बस चालक सुरेंद्र सिंह की ड्यूटी इन दिनों यमुनानगर रूट पर चलने वाली बस नंबर एचआर-65-5233 पर है। कुरुक्षेत्र से यमुनानगर जाते समय वीरवार को उसने बस में सवार एक यात्री पर जानलेवा हमला किया।

अपने व्यवहार से सुरेंद्र रहता है चर्चा में
अपने व्यवहार से सुरेंद्र अकसर चर्चा में रहता है। निगम के कर्मियों और गांव में जब इस बारे में जानने का प्रयास किया गया तो कई लोगों ने दबी आवाज व नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सुरेंद्र का व्यवहार शुरू से ही ऐसा है। मारपीट व अभद्र व्यवहार की घटनाएं कई बार सुनने को मिल चुकी है।

रोडवेज बस चालकों ने माहौल खराब कर रखा है: पंच शमशेर
गांव मथाना के प्रत्यक्षदर्शी पंच शमशेर सिंह का कहना है कि रोडवेज बस चालकों ने माहौल खराब कर रखा है। स्पीड ब्रेकर होने के बावजूद गाड़ी धीरे नहीं चलाते और जब चालकों को कुछ कहा जाता है, तो लड़ाई करने पर उतारू हो जाते हैं।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें