रादौर मार्ग पर डंपर व कार में टक्कर होने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इससे कई लोग चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार एक डंपर व कार कुरुक्षेत्र से यमुनानगर की ओर जा रहे थे। एचडीएफसी बैंक के सामने अचानक डंपर चालक अपना संतुलन खो बैठा और उसने अपने आगे चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से कार उछल कर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ कर वापस घूम कर रेलिंग में ही आ फंसी। जिससे कार तो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई परंतु कार चालक को कोई चोट नहीं पहुंची। सूचना पाकर लाडवा पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। समाचार लिखे जाने तक किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था।