गत माह हुए ऋषिपाल हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने तीन दिन रिमांड पर लिया है। पुलिस ने आरोपी सागर वासी खेड़ी मारकंडा, प्रदीप वासी चढूनी जाटान व सुमित वासी गोरखा के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार, बरछा, डंडा व रॉड बरामद कर लिया। वहीं पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
थाना झांसा पुलिस को दी शिकायत में 19 अगस्त को सुखदीप वासी गांव दरड़ (करनाल) ने बताया था कि वह करीब दो साल से गांव अजराना खुर्द में एक व्यक्ति के पास नौकरी करता है। फार्म पर 17 अगस्त की दोपहर को खाद लेने के लिए ट्रैक्टर ट्राली चालक शेखर और रामकुमार निवासी गांव गोरखा पहुंचे थे। उसका भाई ऋषिपाल भी खाना लेकर वहां आया था।
फार्म के पास ही शेखर ने अपने ट्रैक्टर से एक कुत्ते को कुचल कर मौत के घाट उतार दिया था। इस बात काो उसके भाई ऋषिपाल ने विरोध किया तो शेखर ने तैश में आकर उसके भाई को जाति बोधक शब्द कहकर गाली-गलौज की और हमला करके फरार हो गया था। करीब साढ़े चार बजे उसका भाई फार्म पर पानी पीने आया तो दो कार में आए 8-10 युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला करके उसके भाई को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।
इलाज के दौरान उसके भाई की मौत हो गई थी। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके आरोपी सागर, प्रदीप व सुमित को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार, बरछा, डंडा व रॉड बरामद कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।