कुरुक्षेत्र। 48 कोस परिधि के प्राचीन तीर्थों और मंदिरों को पूजा-अर्चना के केंद्रों तक सीमित रखने के बजाय ग्रामीण विकास, सामाजिक समरसता और रोजगार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल की गई है।
इसके लिए संस्कृति जनित समग्र ग्रामीण विकास एवं आध्यात्मिक पुनरुत्थान मॉडल लागू करने का सुझाव दिया गया है। 48 कोस तीर्थ मॉनिटरिंग कमेटी के सदस्य रामधारी शर्मा ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नायब सैनी और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को पत्र भेजा है। प्रधानमंत्री कार्यालय से पत्र का जवाब मिला है, जिसमें सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिया गया है। केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल के अनुसार बोर्ड भी तीर्थ स्थलों के कायाकल्प की दिशा में काम कर रहा है। रामधारी शर्मा ने सुझाव दिया है कि मंदिर परिसरों में इतिहास वीथिका बनाकर तीर्थों की प्राचीन गाथाएं प्रदर्शित की जाएं।
सप्ताह में एक दिन गीता के व्यावहारिक संदेश पर व्याख्यान हों और महिला भजन मंडलियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता व जल संरक्षण पर संवाद कराया जाए। इसके अलावा ग्रामीण विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने, मंदिरों की भूमि पर अखाड़े व व्यायामशालाएं स्थापित करने और वार्षिक उत्सवों पर राज्य स्तरीय दंगल कराने का सुझाव भी दिया है।
स्थानीय युवाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को रोजगार देने के लिए कुरुक्षेत्र प्रसादम यानी भुने चने के लड्डुओं के निर्माण व पैकेजिंग को बढ़ावा देने की बात कही गई है।