कुरुक्षेत्र। पुलिस लाइन में रहने वाले कर्मचारियों व उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान और कल्याण के लिए शुक्रवार देर शाम पुलिस कल्याण गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बैठक में पुलिस कर्मियों की विभिन्न समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए कई निर्णय लिए गए। पुलिस अधीक्षक ने घोषणा की कि पुलिस लाइन में शीघ्र ही रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्लयूए) का गठन किया जाएगा।
यह एसोसिएशन पुलिस प्रशासन और निवासियों के बीच सेतु का काम करेगी जिससे समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा। गोष्ठी में बुजुर्गों के बैठने के लिए शेड के निर्माण का निर्णय लिया गया। पुलिस लाइन की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। नगर परिषद की सहायता से स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए और प्रमुख स्थानों पर कूड़ेदान स्थापित करने के आदेश जारी किए गए।सीवरेज की समस्या और जल निकासी के उचित प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस कम्यूनिटी सेंटर के सौंदर्यीकरण और सुधार के लिए अधिक से अधिक कार्य करवाने के निर्देश दिए गए।