कुरुक्षेत्र। सर्दी बढ़ने के साथ ही जिले में डेंगू का प्रकोप कुछ कम हुआ है। जहां अब संदिग्ध मरीज कम मिल रहे हैं तो सप्ताह में एक-दो की रिपोर्ट ही पॉजिटिव आ रही है। अब तक डेंगू के 280 तो चिकनगुनिया के दो मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
उधर, मंगलवार को विभाग ने डेंगू संदिग्ध तीन लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। विभाग डेंगू संदिग्ध 3,619 और चिकनगुनिया संदिग्ध 18 लोगों की जांच कर चुका है। इसमें डेंगू के 280 और चिकनगुनिया के दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके अलावा विभाग की ओर से दूसरी बार लारवा मिलने पर 1,240 लोगों को नोटिस दिया गया है। उधर, जिला मलेरिया एवं सर्वेक्षण अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मौसम में ठंडक बढ़ने से मामले मिलना कम हो गया है। कुछ दिन तक मामले सामने नहीं आए तो अभियान बंद किया जाएगा। अब तक चिकनगुनिया का एक तो डेंगू के 278 मरीज रिकवर हो चुके हैं। फिलहाल चिकनगुनिया एक और डेंगू के दो मरीज सक्रिय हैं।