कुरुक्षेत्र। जिला सचिवालय में बैठक के दौरान अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते सांसद नवीन जिंदल।
कुरुक्षेत्र। एलएनजेपी अस्पताल में मरीजों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। सांसद नवीन जिंदल ने एलएनजेपी अस्पताल के प्रशासनिक ब्लॉक को किसी निजी संस्थान में शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। निजी संस्थान की बिल्डिंग का किराया सांसद नवीन जिंदल स्वयं वहन करेंगे। प्रशासनिक ब्लॉक के शिफ्ट होने से अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए करीब 30 अतिरिक्त कमरे उपलब्ध हो जाएंगे।
सांसद नवीन जिंदल ने मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित दिशा की पांचवीं बैठक को संबोधित करते हुए निर्देश दिए। उन्होंने अपने निजी स्टाफ को जल्द प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि 1 जनवरी से प्रशासनिक ब्लॉक को शिफ्ट किया जा सके। विधायक थानेसर अशोक अरोड़ा, विधायक शाहाबाद रामकरण काला और उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद ने कहा कि एलएनजेपी अस्पताल में रोजाना करीब दो हजार मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं। मौजूदा समय में अस्पताल की बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है और प्रशासनिक ब्लॉक का निर्माण अभी शेष है। निर्माण कार्य पूरा होने तक मरीजों के इलाज के लिए जगह की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। इस अस्थायी समाधान से मरीजों को राहत मिलेगी और इलाज की सुविधाएं बेहतर होंगी।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और सरकार को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि मरीजों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर मिलें। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को पत्र लिखकर निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की जाएगी। साथ ही अस्पताल प्रशासन से कहा गया कि किसी भी तरह की आवश्यकता या कमी के बारे में तत्काल अवगत करवाएं, ताकि कुछ कार्य अपने स्तर पर भी पूरे किए जा सकें।
थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि प्रशासनिक ब्लॉक के कारण मरीजों के वार्ड में जगह कम हो गई थी जिससे मरीजों को पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पा रही थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले से मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधा मिलेगी।