कुरुक्षेत्र। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक लेते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैन
कुरुक्षेत्र। बारिश व जलभराव से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में कई सड़कें खराब हो गई है। इनमें जिन सड़कों की हालत ज्यादा खराब है उन्हें नए सिरे से बनाया जाए और जहां पैच वर्क की जरुरत है, वहां इस कार्य को जल्द पूरा किया जाए। ये आदेश मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिए। वे शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों की बैठक ले रहे थे।
इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी, शहरी निकाय, जिला परिषद, मार्केटिंग बोर्ड, एचएसवीपी की सभी सड़कों की स्थिति पर समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि पानी निकालने के लिए जहां से सड़क में कट लगाए गए हैं, वहां पर पुलिया का निर्माण किया जाए। पिहोवा-पटियाला मार्ग का निर्माण कार्य प्राथमिकता से शुरू करवाया जाना है। किसी भी सड़क के सबसे पहले गड्ढे भरे जाएं। उन्होंने उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को निर्देश दिए कि वह थानेसर शहर के सेक्टर- 30 की सभी सड़कों की स्वयं जांच करें और उनकी रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय में भेजें। उन सड़कों को ठीक करने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू करें। इसी तरह इस्माईलाबाद, पिहोवा, लाडवा और शाहाबाद शहर की सड़कों का भी डाटा तैयार कर, उन्हें भी ठीक करवाना सुनिश्चित करें।
सभी चौकों का सौंदर्यीकरण महाभारत से जोड़कर किया जाए : मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर के सभी चौकों का सौंदर्यीकरण महाभारत से जोड़कर किया जाएगा। इस कार्य को केडीबी की ओर से करवाया जाएगा। उन्होंने उपायुक्त को केडीबी के अधिकारियों से बातचीत कर योजना बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि इन चौकों के डिजाइन को लेकर केडीबी अधिकारियों और डिजाइन एजेंसी से बातचीत की गई है, जल्द ही डिजाइन बनकर तैयार हो जाएंगे। इनमें से पिपली चौक को मॉडल चौक के तौर पर गीता जयंती समारोह से पहले तैयार किया जाएगा।