कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गणित विभाग की ओर से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के खेल परिसर में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान दो क्रिकेट मैच आयोजित किए गए। एमएससी प्रथम वर्ष और द्वितीय वर्ष की छात्राओं के बीच हुए मुकाबले में द्वितीय वर्ष की टीम विजेता रही। वहीं छात्रों के मैच में एमएससी प्रथम वर्ष के छात्रों ने द्वितीय वर्ष की टीम को हराकर शानदार जीत दर्ज की।
100 मीटर दौड़ में छात्रों में प्रथम वर्ष के रजत प्रथम, द्वितीय वर्ष के राहुल द्वितीय और प्रथम वर्ष के चिराग तृतीय स्थान पर रहे। छात्राओं की 100 मीटर दौड़ में द्वितीय वर्ष की संजना प्रथम, खुशप्रीत कौर द्वितीय और आरती तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा टग ऑफ वार, बैडमिंटन और लेमन रेस जैसी प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के डीन ऑफ साइंसेज व विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद भी आवश्यक है। खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करते हैं। प्रतियोगिता का आयोजन गणित परिषद की ओर से किया गया।
इस मौके पर निदेशक गणित परिषद सुमित्रा देवी, दलबीर सिंह, डॉ. अनुपम खन्ना, डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. विकास पोपली सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।