कुरुक्षेत्र। रेलवे स्टेशन पर वीरवार को रेल जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों से बातचीत कर रेल सुविधाओं, विकास कार्यों और यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान यात्रियों ने अपने अनुभव साझा किए और रेलवे की सुविधाओं में सुधार को लेकर सुझाव भी दिए।
जनसंवाद के दौरान कुछ यात्रियों ने वंदे भारत ट्रेनों की सराहना की, जबकि कई यात्रियों ने रेलवे की सफाई व्यवस्था को बेहतर बताया। वहीं, कुछ यात्रियों ने जनरल कोच की संख्या बढ़ाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोच की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए।
रेलवे की ओर से आयोजित इस संवाद का उद्देश्य यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को सुनना तथा रेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए उनकी राय जानना रहा। इस अवसर पर वाणिज्य निरीक्षक विनोद कुमार, स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा, एसएससी वर्क्स नरेश कुमार और आरपीएफ निरीक्षक बलविंदर कुमार सहित अन्य रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे।