कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित की जा रही बास्केटबॉल महिला चैंपियनशिप में टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
वीरवार को महिला टीमों के बीच रोमांचकारी मुकाबले खेले गए। इस दौरान खेल प्रेमियों की भीड़ मैदान में मुकाबले देखने के लिए लगी रही। 24 फरवरी से एक मार्च के बीच आयोजित इस चैंपियनशिप में करीब 40 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
खेल निदेशक प्रो. दिनेश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला की टीम ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली की टीम को 60-33 अंक के अंतर से हराया। इसी प्रकार हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी शिमला की टीम ने जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी दिल्ली की टीम को 36-27 के अंतर से मात दी। जीना अल्मोड़ा यूनिवर्सिटी की टीम ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की टीम को 42-25 अंक के अंतर से हराया और दिल्ली यूनिवर्सिटी की टीम ने एमडीयू रोहतक की टीम को 49-20 के अंतर से शिकस्त दी। इस मौके पर कोच राजेश सोबती, कोच राजेश राजौंद, कोच राजेश कुमार, कोच रमेश सहित अन्य सदस्य एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।