हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पंचकूला द्वारा जिला कुरुक्षेत्र में पीटीआई के पद की परीक्षा का आयोजन 23 अगस्त जिला के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा। यह दोपहर 1 बजे से लेकर दोपहर 2 बजकर 15 मिनट तक आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए कुरुक्षेत्र जिले में 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें करीब 2 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहीं, परीक्षा के मद्देनजर 10 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वहीं, परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा-144 लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए 23 अगस्त को सुबह 7 बजे से लेकर सायं 5 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।
जिलाधीश एवं उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि इस परीक्षा को सुचारु रूप से चलाने के लिए परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लगाई गई है। परीक्षा के दौरान किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केन्द्र की 200 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का हथियार, मोबाइल फोन, वाई-फाई यंत्र ले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इतना ही नहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की मशीने भी सुबह 10 बजे से लेकर सायं 3 बजे तक बंद रहेंगी। इन आदेशों की अवहेलना करने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने परीक्षा के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंड प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा 22(1)व 23(2) के तहत प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए 10 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रट नियुक्त किया है। जारी आदेशों में बीडीपीओ थानेसर ईश्वर चंद को परीक्षा केंद्र नंबर 41, 42 व 47 के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार बीडीपीओ पिपली साहब सिंह को परीक्षा केंद्र नंबर 43, 44, 45, 46, डीटीपी सतीश पुनिया को परीक्षा केंद्र नंबर 48, 49, 52, बीडीपीओ लाडवा राजन सिंगला को 50, 51, 59, नायब तहसीलदार लाडवा सुरेश कुमार को परीक्षा केंद्र नंबर 53, 54, 55, नायब तहसीलदार शाहाबाद परमिंद्र सिंह को परीक्षा केंद्र नंबर 57, 58, 60 के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसके साथ-साथ दो परीक्षा केन्द्रों को भी रिजर्व रखा गया है, जिसके लिए डीसीडब्ल्यूओ कुरुक्षेत्र सर्वजीत सिंह व नायब तहसलीदार थानेसर जयवीर रंगा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त डीडब्ल्यूओ कुरुक्षेत्र व रेडक्रास सचिव रणदीप को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर रिजर्व रखा गया है। इस परीक्षा के लिए जिला राजस्व अधिकारी चांद राम चौधरी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कोविड-19 की गाइड लाइंस पर रखा जाएगा विशेष फोकस : वीना
अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा ने शुक्रवार को देर सायं लघु सचिवालय के सभागार में पीटीआई की परीक्षा को लेकर अधिकारियों की एक बैठक ली। इस दौरान परीक्षा केंद्रों में की गई तैयारियों की समीक्षा की और एडीसी ने स्कूल प्रबंधकों और प्रिंसिपल को निर्देश दिए कि पीटीआई पद की परीक्षा को लेकर कोविड-19 की गाइड लाइंस पर विशेष ध्यान देना होगा। सभी परीक्षार्थियों को सैनिटाइज करवाने के बाद ही अंदर भेजा जाएगा। इसलिए प्रिंसिपल और प्रबंधक बोर्ड के अधिकारियों के साथ तालमेल करके परीक्षा के लिए प्रबंध करेंगे। इन प्रबंधों में जरा सी भी कमी नहीं रहनी चाहिए। इस मौके पर एसडीएम थानेसर अखिल पिलानी, एसडीएम लाडवा अनिल यादव, सीटीएम विरेन्द्र सिंह ढुल, जिप सीईओ अश्विनी मलिक, डीआरओ डॉ. चांदी राम चौधरी, डीईओ अरुण आश्री सहित विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल व प्रबंधक मौजूद थे।