संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। खेड़ी मारकंडा गांव में खोले गए शराब के नए ठेके का विरोध हो रहा है। इसे हटाने की मांग को लेकर आबकारी विभाग समेत उपायुक्त को शिकायत दी गई है। गांव की मंदिर कमेटी व पटाखा गोदाम संचालक ने भी इसे हटाने की मांग की है। उधर, अन्य शराब ठेकेदार इसे नियमों के विरुद्ध खोलने का आरोप लगा रहे हैं।
शिकायत में नरेश कुमार निवासी नरवाना ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र में शराब ठेकेदार है। उसने खेड़ी मारकंडा गांव समेत अन्य एक जगह पर करीब 11 करोड़ रुपये में साल 2024-25 के लिए आबकारी विभाग से ठेका खोलने का परमिट लिया है। आबकारी विभाग के नियमानुसार मुख्य ठेके और सब-ठेके के बीच की दूरी दो किलोमीटर होनी चाहिए, मगर अन्य ठेकेदार ने उसके ठेके से करीब 1200 मीटर दूर ही अपना ठेका खोल दिया है। यह ठेकेदार नियमों का उल्लंघन कर रहा है। इससे उसे वित्तीय नुकसान भी हो रहा है।
उधर, लालू कॉलोनी निवासी भी ठेका खोले जाने का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि सिरसला रोड पर एक कॉलेज के साथ काली माता का मंदिर है। शराब का ठेका खुलने से कॉलेज जाने वाली उनकी कॉलोनी की बेटियों को काफी परेशानी होती है साथ ही सुबह और शाम को श्रद्धालु भी मंदिर में जाते हैं। वहीं पटाखा गोदाम संचालक ने शिकायत में बताया कि यह ठेका गोदाम से कुछ दूर ही खोला गया है। गांव से ठेका हटाने की मांग को लेकर उपायुक्त और आबकारी विभाग को शिकायत दी गई है।