लाडवा। प्रदेश सरकार की ओर से बागवानी को बढ़ावा देने के लिए यादवेंद्र गार्डन पिंजोर में 32वां राज्य स्तरीय आम मेले का आयोजन किया गया। मेले में उद्यान विभाग द्वारा बागवानी के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने के लिए प्रगतिशील किसान जितेंद्र सिंह गिल को राज्य स्तरीय आम रत्न पुरस्कार व 11 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया। मेले में प्रदेश से अनेक प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया था।
जितेंद्र सिंह गिल ने बताया कि उनके परिवार को शुरू से ही बागवानी का शौक है, जिसमें वे विभिन्न फलों की किस्मों को लेकर प्रयास करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने बाग से उत्पादित हुई विभिन्न प्रकार की आम की किस्म की प्रदर्शनी लगाई। उनके बाग की किस्मों से उत्पादित श्रेष्ठ आम की फसलों के कारण प्रदेश सरकार ने उन्हें आम रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया है जिसकी उन्हें बहुत खुशी है। उन्होंने कहा कि इसका सारा श्रेय हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को जाता है जिनसे प्रेरित होकर ही वे यह इनाम जीतने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र लाडवा से बागवानी की ट्रेनिंग भी ली है जिससे उन्हें बागवानी की काफी जानकारी मिली।