कुरुक्षेत्र। शहर के कई सेक्टरों में बीते एक सप्ताह से गंदे पानी की आपूर्ति होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में नलों से बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है जिससे लोग पीने के साथ-साथ दैनिक घरेलू जरूरतों के लिए भी पानी का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। मजबूरी में लोग बाजार से पानी खरीदने या उबालकर इस्तेमाल करने के लिए विवश हो रहे हैं।
गंदा पानी पीने से क्षेत्र में पेट संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ने लगी हैं। उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। खासतौर पर बच्चे और बुजुर्ग इस समस्या से अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
समस्या का मुख्य कारण कई सेक्टरों में बिछी पुरानी और जर्जर पानी की पाइप लाइनें बताई जा रही हैं। कुछ स्थानों पर ये पाइप लाइनें सीवरेज लाइनों के बिल्कुल पास या सटी हुई हैं। पाइप लाइनों के टूटने और लीकेज के कारण सीवरेज का गंदा पानी साफ पानी की आपूर्ति में मिल रहा है। इसी वजह से सेक्टरों के घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है।
टीम आज जांचेगी व्यवस्था, लेगी नमूने : बिंदु राय
महामारी जांच करता बिंदु राय ने कहा कि मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम सेक्टर में व्यवस्था जांचेगी। जांच के नमूने लिए जाएंगे और लोगों के स्वास्थ्य को भी जांचा जाएगा।
घरेलू कार्य नहीं हो पा रहे पूरे : तारा चंद
सेक्टर तीन निवासी तारा चंद ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से उनके इलाके में लगातार गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि इस पानी से न तो खाना बनाया जा सकता है और न ही अन्य घरेलू कार्य पूरे हो पा रहे हैं। बच्चों की सेहत के लिए परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं।
काफी देर तक खुला छोड़ना पड़ता है नल : शक्ति राज
सेक्टर पांच निवासी शक्ति राज ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से सुबह के समय गंदा पानी की आपूर्ति हो रही है। मजबूरी में सुबह पानी की सप्लाई बंद रखनी पड़ती है और नल को काफी देर तक खुला छोड़ना पड़ता है, ताकि कुछ हद तक साफ पानी आ सके। इसके बावजूद पानी पूरी तरह साफ नहीं हो पाता।
लंबे समय तक गंदा पानी पीने से किडनी और पाचन तंत्र को होता है नुकसान : डॉ. अतुल वर्मा
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अतुल वर्मा ने बताया कि गंदा पानी पीने से मानव स्वास्थ्य पर कई गंभीर नुकसान होते हैं। गंदा पानी पीने से त्वचा रोग, पीलिया और लीवर से जुड़ी बीमारियां होती हैं। लंबे समय तक ऐसा पानी पीने से किडनी और पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचता है। इसलिए हमेशा साफ, उबला या फिल्टर किया हुआ पानी ही पीना चाहिए।