कुरुक्षेत्र। नया बस अड्डा के पास खडी निजी बस। संवाद
कुरुक्षेत्र। नियमों को ठेंगा दिखा इन दिनों निजी बस चालक अपनी मनमानी कर रहे हैं। निजी बस चालक अपने तय रूट से भी ज्यादा सफर कर रहे हैं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। लेकिन आरटीए विभाग इसको लेकर गंभीर नहीं दिखाई दे रहा है।
रोडवेज विभाग की ओर से कई बार पत्र भेजे जाने के बावजूद बस चालकों की मनमानी जारी है। बता दें कि करीब 11 निजी बस चालकों को पिपली तक का रूट है लेकिन ये बसें इन दिनों पिपली की बजाए नए बस स्टैंड कुरुक्षेत्र तक दौड़ रही हैं।
ऐसे में रोडवेज विभाग के राजस्व को भी नुकसान हो रहा है। इतना ही नहीं सवारियों को भी परेशानी होती है। निजी बसें यात्रियों को नए बस स्टैंड के बाहर सड़क किनारे उतार रही हैं। यात्रियों को बस स्टैंड परिसर में आकर दोबारा बस लेनी पड़ती है। जिन यात्रियों के साथ बच्चे व बुजुर्ग होते हैं उन्हें काफी परेशानी होती है। रोडवेज महाप्रबंधक शेर सिंह का कहना है कि इन बस चालकों की मनमानी पर आरटीए विभाग ही अंकुश लगा सकता है। इसी विभाग के दायरे में यह बसें है। कई बार पत्र लिखे जा चुके अब फिर लिखेंगे पत्र।