पुराना बाईपास रोड पर रामनगर कॉलोनी में प्लॉट मालिकों और एक कोने में बने मंदिर के पुजारी में झगड़ा हो गया। झगड़ा होने पर गली में लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में हुई पंचायत के बीच दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह रामनगर कॉलोनी में मंदिर के पुजारी और प्लॉट के मालिकों के बीच झगड़ा हो गया। प्लॉट के मालिकों ने बताया कि उन्होंने इस प्लाट में बने मकान को खरीद लिया है। यह मंदिर भी उन्हीं के प्लॉट में बना हुआ है। उन्होंने पुजारी को जगह खाली करने के लिए कहा था, मगर पुजारी मंदिर खाली करने की बजाय मंदिर पर अपना दावा करने लगा।
वहीं दूसरी ओर पुजारी ने प्लॉट के मालिकों पर उसके साथ मारपीट का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि यह मंदिर काफी पुराना है। प्लॉट मालिक का मंदिर से कोई लेना-देना नहीं है। झगड़े की सूचना पर डायल-112 पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाना कृष्णा गेट में बुलाया। थाना कृष्णा गेट के प्रभारी दिनेश चौहान ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। दोनों पक्षों में से किसी ने शिकायत नहीं दी है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।