कुरुक्षेत्र। अनेक वर्षों से वीरानी के कारण खंडहर होकर जंगल में तब्दील होती जा रही पुरानी तहसील की जगह पर अब नया स्मार्ट बाजार बनने की उम्मीद जगी है। इसके साथ ही मल्टी लेवल पार्किंग भी बनाई जाएगी। इसके लिए नगर प्रशासन ने तैयारी की है।
यह जमीन नगर परिषद को ट्रांसफर किए जाने के लिए उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को नप की ओर से पत्र लिखा गया है। प्रांरभिक दौर की बैठक भी हो चुकी है।
इसमें उपायुक्त ने संबंधित विभाग से इस पर राय देने को कहा है। यह जमीन फिलहाल बीएंडआर के पास बताई जा रही है। नगर परिषद की ओर से पांच एकड़ से ज्यादा इस जमीन में करीब ढाई एकड़ में अत्याधुनिक शॉपिंग मॉल की तर्ज पर स्मार्ट बाजार बनाए जाने और करीब ढाई एकड़ में मल्टी लेवल पार्किंग बनाए जाने की योजना तैयार की गई है। यह परियोजना करीब एक साल पहले मुख्यमंत्री की ओर से भी घोषित की जा चुकी है, जिसे अब सिरे चढ़ाए जाने के प्रयास तेज किए गए हैं। परिषद के अधिकारियों के अनुसार अगले कुछ दिनों में यह योजना सिरे चढ़ जाने की उम्मीद है।
स्मार्ट बाजार में एक ही छत के नीचे मिलेंगे सभी उत्पाद : शॉपिंग मॉल की तर्ज पर स्मार्ट बाजार बना तो यहां एक ही छत के नीचे अनेक प्रकार के उत्पाद ग्राहकों को मिल सकेंगे।
इस स्मार्ट बाजार को नगर परिषद ही चलाएगी। इसमें दुकानों के अलावा कई प्रकार की अन्य सुविधाएं भी लोगों को मिल सकेंगी। वहीं मल्टी स्टोरी पार्किंग बनने से रेलवे रोड व आसपास के क्षेत्र के लिए वाहन पार्किंग की भी समस्या खत्म हो जाएगी।
शिक्षा विभाग भी स्कूल बनाने को तैयार : इसी जमीन पर शिक्षा विभाग भी स्कूल बनाने की योजना बना रहा है। यह प्रस्ताव भी उपायुक्त के पास पहुंचा है। वहीं पुलिस विभाग की ओर से भी इस जमीन पर भवन बनाए जाने की योजना रही है, ताकि कुछ कार्यालय यहां स्थापित किए जा सकें।
पहले यहीं पर थाना शहर स्थापित था, जो बाद में सेक्टर 13 में बनाया गया। पुलिस इस थाने की जगह पर ही अपना नया भवन बनाने की योजना बना रही है।
डीसी को भेजा गया प्रस्ताव
नगर परिषद ईओ राजेश कुमार ने कहा कि पुरानी तहसील की जमीन पर स्मार्ट बाजार व मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाए जाने की योजना बनाई है। इसके लिए जमीन परिषद को दिए जाने के लिए प्रस्ताव उपायुक्त को दिया गया है। जमीन परिषद को मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
विधायक अशोक अरोड़ा उठा चुके जमीन का मुद्दा
इसी जमीन पर कोई बेहतर प्रोजेक्ट बनाए जाने का मुद्दा थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा भी उठा चुके हैं। नगर परिषद ने इसी जमीन पर लावारिस कुत्तों के आश्रय स्थल बनाने का भी निर्णय लिया था लेकिन विधायक अरोड़ा सहित शहर के लोगों की ओर से आपत्ति जताने पर परिषद ने यह योजना फिलहाल टाल दी। आश्रय स्थल किसी दूसरी जगह पर बनाने के प्रयास शुरू किए जा चुके हैं।
कुरुक्षेत्र। नप ईओ राजेश कुमार।
कुरुक्षेत्र। नप ईओ राजेश कुमार।
कुरुक्षेत्र। नप ईओ राजेश कुमार।