कुरुक्षेत्र। अब लाडवा से जोधपुर रूट पर बस सेवा शुरू किए जाने की तैयारी कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो की ओर से की जा रही है। इसके लिए रोडवेज निदेशालय से पत्राचार किया गया है। इस बस सेवा को शुरू किए जाने की मांग लंबे समय से यात्री कर रहे थे। लाडवा से जोधपुर रूट का परमिट मिलते ही बस सेवा शुरू होने से जहां कई बड़े शहरों को जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा तो वहीं सालासर धाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का भी रास्ता सुगम होगा।
यह बस लाडवा से वाया कुरुक्षेत्र, कैथल, हिसार को होते हुए, सालासर धाम से होते हुए जोधपुर तक पहुंचाने का काम करेंगी। बस सेवा के शुरू होते ही कैथल व हिसार जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा तो वहीं राजस्थान के जोधपुर को जाने वाले यात्रियों का सफर भी आरामदेह होगा। लाडवा से चलकर यह बस जोधपुर तक 700 किलोमीटर के करीब सफर तय करेगी। हालांकि धर्मनगरी से इस बस को चलाए जाने की मांग यात्री पिछले कई महीनों से करते रहे हैं लेकिन अब यह बस लाडवा से जोधपुर के लिए फर्राटा भरने की उम्मीद जगी है। लाडवा से जोधपुर का परमिट मिलते ही यात्रियों को यह सुविधा मिल सकेगी। इसके लिए कुरुक्षेत्र रोडवेज डिपो की ओर से प्रयास जारी है।
बाला जी के दर्शन कर सकेंगे यात्री : मुकेश कुमार
मुकेश कुमार का कहना है कि लाडवा से जोधपुर रूट पर बस सेवा शुरू होने पर यात्रियों को काफी फायदा होगा। खासकर सालासर धाम में अब बालाजी के दर्शन किए जा सकेंगे। पहले धर्मनगरी से दूसरे साधनों का इस्तेमाल कर सालासर पहुंचकर बालाजी के दर्शन किए जाते थे, लेकिन अब लाडवा से बस चलने से सफर करने में आसानी होगी।
परमिट जारी करने के लिए लिखा पत्र : बहादुर सिंह
ड्यूटी निरीक्षक बहादुर सिंह का कहना है कि यात्रियों की मांग पर लाडवा से जोधपुर रूट पर बस सेवा को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, इसके लिए रोडवेज निदेशालय से परमिट को लेकर पत्र लिखा गया है। परमिट मिलने पर ही बस लाडवा से जोधपुर के लिए शुरू होगी।