कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण, प्रशिक्षुता एवं रोजगार केंद्र ने कंप्यूटर साइंस और एप्लीकेशन विभाग के एमसीए और बीसीए विद्यार्थियों के लिए 10 और 11 मार्च को दो दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लगभग 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान करना और उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना रहा। विभाग प्रमुख व डीन, अकादमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल और पेशेवर दक्षता भी जरूरी है। विशेषज्ञ प्रशिक्षक मीनाक्षी गुप्ता ने विद्यार्थियों को सॉफ्ट स्किल्स, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास, टीम वर्क, समय प्रबंधन और साक्षात्कार की तैयारी पर प्रशिक्षण दिया। साथ ही कॉर्पोरेट वातावरण और रोजगार के अवसरों की जानकारी भी दी।
केंद्र के इंचार्ज डॉ. जसविंदर कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव मिल सके। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. मोहिंदर सिंह ने किया, प्रो. चंद्रकांत, डॉ. रमेश कैत और डॉ. आशीष गिरधर ने आयोजन में सहयोग दिया। विद्यार्थियों ने इस प्रशिक्षण को अपने कॅरिअर के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।