बिजली व्यवस्था ठप होने से मंगलवार को जिले भर में ब्लैक आउट जैसी स्थिति बन गई। धर्मनगरी सहित शाहाबाद, पिहोवा और इस्माईलाबाद के क्षेत्रों में भी बिजली व्यवस्था ठप रही। जहां शहर के अनेक क्षेत्रों में सुबह करीब पौने चार बजे से लेकर देर रात तक अंधकार छाया रहा तो वहीं कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति करीब 10 से 12 घंटे बाद सुचारु हो पाई। एक साथ इतने बड़े स्तर पर बिजली व्यवस्था ठप होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी और उनकी दिनचर्या पर भी इसका असर पड़ा। वहीं दूसरी ओर निगम के अधिकारियों की सांसे भी दिन भर फूली रही।
लोग निगम के टेलीफोन की घंटियां घनघनाते रहे तो अधिकारी उन्हें बिजली आपूर्ति जल्द दुरुस्त किए जाने का आश्वासन देते रहे। देर रात तक अधिकारी बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे, जिसके बावजूद कई क्षेत्रों की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। बिजली न होने से बाजारों में भी दिन भर जनरेटर का सहारा लिया गया तो वहीं लंबे समय तक बिजली न आने के चलते लोगों के इनवर्टर भी जवाब दे गए। हालांकि सोमवार देर रात से ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई थी, लेकिन मंगलवार अल सुबह 3 बजकर 51 मिनट पर एकाएक ही बिजली व्यवस्था ठप हो गई।
मुख्य फीडर सहित एक 132 केबी व चार 33 केवी सब स्टेशन भी हुए ठप
जानकारी के मुताबिक अल सुबह करीब 3 बजकर 51 मिनट पर डीसी निवास के समीप स्थित बीबीएमबी के मुख्य फीडर के इंसुलेटर की डिस्क में अचानक शॉट हुआ। इससे फीडर की सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई। इसके बाद यहीं पर स्थित 33 केवी सब स्टेशन, केडीबी, सेक्टर-4 व एनआईटी स्थित 33 केवी सब स्टेशन पूरी तरह से ठप हो गए तो वहीं पिपली स्थित 132 केवी पॉवर हाउस भी जवाब दे गया। यहीं नहीं पिहोवा, शाहाबाद व इस्माईलाबाद के पावर हाउस भी ठप हो गए। इससे चारों ओर अंधेरा छा गया। लोगों में बेचैनी उस समय बड़ी जब दोपहर तक भी बिजली बहाल न हो सकी।
दूसरी लाइन पर लोड डाला तो वह भी हुई ठप
अधिकारियों की मानें तो एक बड़ी लाइन में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की। जिसके लिए पूरा लोड दूसरी लाइन पर डाल दिया गया। जिससे यह लाइन भी ठप हो गई और इसके बाद अधिकतर क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति रुक गई। बाद में दोनों लाइनों को ठीक किया गया।
पंचकुला से आई टीम
मुख्य फीडर में जांच करने और बिजली सप्लाई बहाल करने का पहले स्थानीय स्तर पर अधिकारियों व अभियंताओं ने प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुए तो मुख्य लाइन ठीक करने के लिए पंचकुला से भी टीम यहां पहुंची। यह टीम भी देर शाम तक जुटी रही। जिसके चलते कई क्षेत्रों की बिजली दोपहर बाद सुचारु हो पाई तो कई क्षेत्रों की बिजली देर रात को ही चल पाई।
कोहरे के चलते डिस्क हुई खराब : एक्सईएन
निगम के एक्सईएन कशिक मान का कहना है कि घने कोहरे के चलते ही बीबीएमबी के मुख्य फीडर में इंसुलिन की डिस्क में अचानक शॉट हो गया। इससे पूरी बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोगों को इससे बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन निगम के अभियंता सुबह से ही इसे सुचारु करने का प्रयास करते रहे। पंचकुला से आई टीम ने भी भरसक प्रयास कर बिजली आपूर्ति को सुचारु करने का कार्य किया। जिसमें कई घंटे का समय लगा। मुख्य फीडर से ही अन्य सब स्टेशनों पर बिजली आपूर्ति होने के कारण जिले के कई क्षेत्रों में बिजली बाधित रही।