कुरुक्षेत्र। जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। मंगलवार को श्री महाबीर जैन पब्लिक स्कूल में बनाए गए स्ट्रांग रूम से सभी पोलिंग अधिकारियों को चुनावी बस्ते सौंप दिए गए, जो कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच इन्हें लेकर अपने-अपने बूथ के लिए रवाना हुए।
स्कूल में सुबह से ही एसडीएम सुरेंद्र पाल की मौजूदगी में पोलिंग अधिकारियों को बस्ते सौंपे जाने का काम शुरू किया गया, जहां पर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा। एसडीएम पूरा दिन खुद कमान संभाले रहे तो वहीं तैनात अधिकारी व कर्मचारी पूरी जांच के बाद पोलिंग अधिकारियों को बस्ते सौंपते रहे। इससे पहले उन्हें ईवीएम बूथ पर रखे जाने से लेकर इसमें वोटिंग कराए जाने की भी पूरी जानकारी दी गई। वहीं इन्हें लेने के बाद पोलिंग पार्टियां घंटों भर तक वहीं जांच करती रही। कोई शंका होने पर तत्काल मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली गई।
बार-बार दी जाती रही कानूूनी कार्रवाई की चेतावनी
चुनावी बस्ते सौंपे जाने को लेकर जहां सुबह से ही कार्य शुरू कर दिया गया था तो वहीं कई पोलिंग अधिकारी समय पर पहुंचे ही नहीं। दो-दो घंटे तक इंतजार की जाती रही, जिसके चलते माइक पर एसडीएम को कई बार कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी देनी पड़ी।
डीएसपी रामदत्त की मौजूदगी में रहा पुलिस बल तैनात
चुनावी बस्ते सौंपे जाने के दौरान भारी पुलिस बल डीएसपी रामदत्त नैन की मौजूदगी में तैनात रहा। डीएसपी ने उन्हें मौके पर ही चुनावी ड्यूटी को लेकर कड़े दिशा-निर्देश भी दिए, वहीं बाद में इन्हीं पुलिसकर्मियों की तैनाती में पोलिंग अधिकारी चुनावी बस्ते लेकर अपने-अपने बूथ की ओर बसों में सवार होकर रवाना हुए।
किसी ने खुद बीमार होने तो किसी ने मां को बीमार बताया
चुनावी ड्यूटी को बेहद अहम माना जाता है, लेकिन अनेकों अधिकारी व कर्मचारी इसे दरकिनार ही करते दिखे। यहां तक कि चुनाव में अपनी ड्यूटी हटवाने को लेकर होड़ सी लगी रही। किसी ने खुद को बीमार व अन्य तरीके से मजबूर बताया तो किसी ने अपने माता-पिता ही बीमार होने का हवाला दिया। इस दौरान अधिकारियों तक पहुंच का भी भरपूर फायदा उठाया गया। अधिकारी व कर्मचारियों की चुनाव को लेकर गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चुनाव प्रशिक्षण के दौरान ही बाबैन ब्लॉक में 39 अधिकारी व कर्मचारी ही गैर हाजिर रहे, जिन्हें उपायुक्त की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी संभावना जताई जा रही है।