कुरुक्षेत्र। पंजाब के तरनतारन से कुरुक्षेत्र तक फैले चिट्टा सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों में से गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को पुलिस ने अदालत से एक दिन के रिमांड पर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी गुरपाल सिंह उर्फ बाबा धोहतिया को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस को रिमांड के दौरान सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में खुलासा होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार के अनुसार, दोनों आरोपियों ने जिले के अलग-अलग मामलों में करीब 500 ग्राम चिट्टा सप्लाई किया था। इन मामलों में अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि 12 सितंबर को लाडवा-पिपली रोड पर कार से 23.74 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आगे की कार्रवाई करते हुए 16 नवंबर को थाना शाहाबाद पुलिस ने तरनतारन निवासी गुरपाल सिंह और गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया।