एचएसएससी की ओर से कराई जा रही पुलिस भर्ती प्रक्रिया में और ज्यादा सख्ती लागू कर दी गई। एचएसएससी चेयरमैन, डीसी और अन्य अधिकारियों के बीच हुई मीटिंग के बाद यह घोषणा कर दी गई कि अब यदि कोई अभ्यर्थी नशे का संदिग्ध नजर आया तो उसे पहले डॉक्टरों की जांच से गुजरना होगा। यदि किसी अभ्यर्थी ने नशा करने की कोशिश की या नशे की पुष्टि हो गई तो उसे वहीं से बाहर कर दिया जाएगा। जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भर्ती स्थल पर डेरा डाल दिया है। इधर एचएसएससी चेयरमैन भारतभूषण भारती ने भी बारिश के मद्देनजर व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
चेयरमैन ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के फिजिकल टेस्ट के दौरान किसी भी उम्मीदवार ने नशे का सेवन करने का प्रयास भी किया तो उस उम्मीदवार को अयोग्य घोषित किया जाएगा। इतना ही नहीं उस उम्मीदवार के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। इस प्रक्रिया के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। चेयरमैन लघुसचिवालय के सभागार में भर्ती प्रक्रिया में बारिश के दौरान प्रबंधों की समीक्षा करने के लिए अधिकारियों में शामिल हुए थे।
अब तक सवा लाख से ज्यादा हुए शामिल
चेयरमैन ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में हरियाणा के अलावा राजस्थान, यूपी, बिहार, पंजाब और दिल्ली से भी युवा शामिल हो रहे हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ी है। 2 जुलाई तक हुई प्रक्रिया में 1 लाख 30 हजार उम्मीदवार फिजिकल टेस्ट से गुजर चुके हैं। आयोग की तरफ से यह भर्ती पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर ही की जाएगी।
बारिश के मद्देनजर सुविधाएं देने का दावा
चेयरमैन ने बारिश के दौरान उम्मीदवारों को तमाम सुविधाएं मुहैया करवाने की बात भी कही है। उन्होंने नगर परिषद, जनस्वास्थ्य विभाग, हरियाणा परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, रेड क्रॉस, पुलिस प्रशासन सहित अन्य संबधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती स्थल पर वाटर प्रूफ टेंट लगाए जाए। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के लिए सेक्टर चार हुडा कार्यालय के पास खाली जमीन पर टेंट लगाया जाएगा। यहां उम्मीदवार आराम कर सकते हैं। डीसी राज नारायण कौशिक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के प्रबंधों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता
एसपी सिमरदीप सिंह ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इधर सूत्रों का कहना है कि ब्लैक बाउंसर के अलावा पुलिस ने भी अपने जवानों की संख्या बढ़ा दी है। चेयरमैन भारती ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान नशे करने वालों पर नजर रखने के लिए साईं ने अपने लिए काम कर रही निजी संस्था के 15 लोगों को भर्ती स्थल पर नियुक्त किया है। जो नशा करने वाले युवकों पर नजर रखेंगे।
चेयरमैन ने शौचालयों और पीने के पानी की व्यवस्था भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से करीब 100 शौचालयों की व्यवस्था की गई है। उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण स्थल, दौड़ शुरू होने वाले स्थल व बीच बीच में पानी की व्यवस्था की गई है।
चार डॉक्टरों को किया तैनात
उम्मीदवारों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला प्रशासन ने भर्ती स्थल पर अल्ट्रा मॉडल एंबुलेंस और चार चिकित्सकों की टीम को तैनात किया है। एक स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित किया गया है। जहां स्वास्थ्य सेवाओं से संबधित सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
मीटिंग में एचएसएससी के सदस्यों के अलावा एसडीएम सतबीर कुंडु, डीएसपी नूपुर बिश्नोई, डीएसपी सुभाष, हुडा के ईओ योगेश रंगा, एक्सइएन अशोक खंडूजा, नगर परिषद के एमई अक्षय भारद्वाज, डीएसओ वीरेंद्र सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन केके शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।