कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। तेलंगाना के कामारेडी जिले के येलोरेड्डी निवासी कार्तिका रजनीकांत की हत्या के मामले में पुलिस मुख्य ट्रेवल एजेंट की तलाश कर रही है। मामले की जांच अब सीआईए वन की टीम को सौंप दी गई है, जो एजेंट की तलाश में दिन-रात जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा और हत्या की गुत्थी सुलझ जाएगी। सोमवार को ठोल-शाहाबाद रोड पर मंधेड़ी गांव के पास झाड़ियों में रजनीकांत का खून से लथपथ शव मिला था।
फॉरेंसिक जांच में उनके शरीर पर 13 गहरे घाव पाए गए जिनमें गर्दन पर दो, चेहरे पर तीन, कमर पर छह चाकू के निशान और सिर पर एक गंभीर चोट शामिल है। सीआईए 1 के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार ने बताया कि टीम मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध एजेंट की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।