संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की ओर से हरिद्वार, नीलकंठ और अन्य धार्मिक स्थलों से कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। यात्रा 11 जुलाई से शुरू हो चुकी है और 23 जुलाई तक चलेगी। इस दौरान पंजाब, राजस्थान और अन्य क्षेत्रों से लाखों कांवड़ यात्री कुरुक्षेत्र से होकर गुजरेंगे। इसी के चलते डीएसपी यातायात रोहतास कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और यातायात प्रबंधन के लिए कुरुक्षेत्र-यमुनानगर मार्ग पर लाडवा से भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है।
यह व्यवस्था 23 जुलाई तक लागू रहेगी, वहीं पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए जिले के प्रमुख मार्गों पर नाके स्थापित किए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बरतने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की तैनाती के साथ-साथ प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई है। ई-आरवी डायल-112 सेवा, मोटरसाइकिल राइडर, पेट्रोलिंग और पैदल गश्त टीमें 24 घंटे सक्रिय रहेंगी। यातायात थाना प्रभारियों को यातायात बाधा से बचने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एसपी ने श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और डीजे या लाउडस्पीकर का उपयोग न करें।
भारी वाहनों के लिए ये रहेगा रूट
- पटियाला, पिहोवा से सहारनपुर, हरिद्वार, यमुनानगर जाने वाले वाहन पिहोवा बाइपास (एनएच-152) से इस्माईलाबाद, ठोल, कुरडी, नलवी, शाहाबाद, साहा के रास्ते गंतव्य तक पहुंचेगा।
- करनाल से यमुनानगर, सहारनपुर, हरिद्वार जाने वाले वाहन एनएच-44 से शाहाबाद, साहा के रास्ते गंतव्य की ओर जाएगा।
- लाडवा से यमुनानगर की ओर जाने वाले वाहन रामकुंडी चौक से बाबैन, बराड़ा के रास्ते से आगे जाएगे।
- करनाल, इंद्री से यमुनानगर की ओर जाने वाले वाहन इंद्री चौक से बाबैन, बराड़ा के रास्ते।
- उत्तराखंड, यमुनानगर से पिहोवा पटियाला की ओर जाने वाले वाहन लाडवा, बाबैन, शाहाबाद, नलवी, ठोल, इस्माईलाबाद, पिहोवा के रास्ते आगे निकाले जा रहे हैं।
- यमुनानगर से ढांड, कैथल की ओर जाने वाले वाहन बड़शामी या लाडवा से इंद्री, भादसो, नीलोखेड़ी के रास्ते गुजारे जा रहे हैं।