लाडवा। खुले दरबार के दौरान लोगों की समस्या सुनतीहरियाणा राज्य बाल विकास परिषद की उपाध्यक्ष सुमन
लाडवा। सुनारिया, संघौर और घिसरपड़ी गांव में 51 लाख रुपए के काम पंचायती राज विभाग द्वारा पूरे कर लिए गए हैं। बाबैन मंडल में करीब 12 करोड़ 70 लाख रुपए के विकास कार्यों पर काम चल रहा है। अधिकारियों को तेज गति से विकास कार्य करवाने के आदेश दिए गए हैं। राज्य बाल विकास परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने यह दावा किया। वे मंगलवार को बाबैन अनाज मंडी रेस्ट हाउस में आयोजित खुले दरबार में लोगों की समस्याएं सुन रही थीं। खुला दरबार में 100 से ज्यादा लोगों की शिकायत और समस्याओं को सुना गया।
सुमन सैनी ने कहा कि बाबैन मंडल के गांव घिसरपड़ी में 27 लाख 70 हजार रुपए से रास्ते का निर्माण करवाया गया। गांव सुनारिया में 12 लाख रुपए से फिरनी बनवाई गई और गांव संघौर में 12 लाख रुपए से चौपाल का निर्माण करवाया गया, विभिन्न गांव में 55 लाख रुपए के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, इनमें गली, नाली, पीने का पानी, शौचालय, पीवीसी पाइपलाइन सहित अन्य विकास कार्य शामिल है।
उन्होंने कहा कि मार्केटिंग बोर्ड द्वारा बाबैन अनाज मंडी के अधीन आने वाली सभी सड़कों, डिस्पोजल और कैंटीन का निर्माण कार्य चल रहा है मार्केटिंग बोर्ड द्वारा करवाए जाने वाले इन मरम्मत के कार्यों पर लगभग छह करोड़ 69 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा दो करोड़ 51 लाख रुपये से बिजली सप्लाई के कार्यों को किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा बाबैन क्षेत्र में पीने के पानी की व्यवस्था पाइपलाइन अन्य निर्माण के लिए दो करोड़ 85 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।