कुरुक्षेत्र। पुलिस ने मंगलवार की शाम कस्बा शाहाबाद में नशामुक्ति अभियान के तहत थाना शाहाबाद, एंटी व्हीकल स्टाफ और सीआईए-दो की संयुक्त टीमों ने डॉग स्क्वायड के साथ डेहा बस्ती में व्यापक सर्च अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य नशे की तस्करी, अपराधों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना था।
पुलिस टीमों ने संदिग्ध स्थानों की गहन जांच करते हुए बाहरी श्रमिकों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। वाहनों की तलाशी के साथ-साथ नशीले पदार्थों की तस्करी पर विशेष ध्यान दिया गया। अभियान के दौरान कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। थाना शाहाबाद के प्रभारी निरीक्षक जगदीश टामक ने बताया कि अभियान नशे की तस्करी रोकने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों को पकड़ने के लिए चलाया गया। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रखेगी। निरीक्षक टामक ने जनता से अपील की कि यदि कोई नशीला पदार्थ बेचता हुआ दिखे या कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा आपातकालीन स्थिति नजर आए, तो तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। संवाद