मोटर चुराने का आरोपी धरा
कुरक्षेत्र। घास काटने वाली मशीन की मोटर चुराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मनमीत उर्फ मीता निवासी बरोट से चार हजार रुपये बरामद करके आरोपी को पुलिस ने कारागार भेज दिया। थाना लाडवा में 20 अप्रैल को दर्ज शिकायत में सावण राम निवासी बरोट ने बताया था कि उसकी घास काटने की मशीन की मोटर चोरी हो गई थी। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-एक ने करते हुए आरोपी मनमीत को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चार हजार रुपये बरामद किए। आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया। संवाद
बाइक चुराने के तीन आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। दो महीने पहले बाइक चुराने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को काबू किया है। थाना शहर थानेसर में 23 फरवरी को दर्ज शिकायत गौरव निवासी सेक्टर-13 ने बताया था कि 22 फरवरी को वह अपनी बाइक पर सेक्टर-10 की सब्जी मंडी से सब्जी लेने गया था। उसने अपनी बाइक को पार्किंग में खड़ा किया था। वह सब्जी लेकर वापस आया तो उसकी बाइक चोरी हो गई थी। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोलू, अनमोल उर्फ काका व गौरव उर्फ गौरु निवासी किरमिच को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर मामले में गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया। संवाद
आठ ग्राम चिट्टे के साथ युवक काबू
कुरुक्षेत्र। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट कुरुक्षेत्र ने एक युवक को आठ ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। आरोपी हिमांशु निवासी लाडवा को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।
यूनिट प्रभारी गुरनाम सिंह ने बताया कि लाडवा के इंद्री चौक पर गश्त करते हुए उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमांशु हेरोइन/चिट्टा बेचने का धंधा करता है। आरोपी आज भी संत निश्चल सिंह स्कूल लाडवा के सामने गली के के पास नशेड़ियों को चिट्टा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर टीम ने मौके पर छापामारी करके एक युवक को काबू करके उससे पूछताछ की। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से आठ ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध थाना लाडवा में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी हिमांशु को कारागार भेज दिया। संवाद
तीन बच्चों को पुलिस ने किया रेस्क्यू
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत तीन नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। इन बच्चों को बाल कल्याण समिति के सम्मुख पेश करके काउंसलिंग के बाद माता-पिता केे हवाले कर दिया।
ऑपरेशन स्माइल टीम के प्रभारी जगमिंद्र सिंह ने बताया कि जिले में अभियान के तहत बाल मजदूरी कर रहे तीन नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू किया गया। इन बच्चों को बाल कल्याण समिति के सम्मुख पेश करके उनकी काउंसलिंग कराई गई। बच्चों के माता-पिता को ढूंढ़कर उनकी भी काउंसलिंग कराकर बच्चों को उनके हवाले किया गया। उनको बच्चों की शिक्षा देने के प्रति प्रेरित किया गया। इस मौके पर समिति के चेयरमैन कृष्ण पांचाल, सदस्य विनोद कुमार, अर्चना, टीम सदस्य रणबीर सिंह, बलकार सिंह, कर्म सिंह, संदीप कुमार, रवि कुमार, नीलम व प्रीति मौजूद रहे। संवाद
आठ बोतल शराब के साथ एक आरोपी पकड़ा
कुरुक्षेत्र। अवैध रूप से शराब बेचते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से आठ बोतल देसी शराब बरामद हुई। थाना शाहाबाद के अंतर्गत शहरी पुलिस चौकी टीम ने भागीरथ निवासी रावी कॉलोनी को बराड़ा रोड से अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में काबू किया। आरोपी के कब्जे से आठ बोतल शराब बरामद हुई। मौके पर आरोपी पकड़ी गई शराब का कोई भी लाइसेंस व परमिट पेश नहीं कर पाया। आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पंचायत भवन से सामान चोरी का आरोपी गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र। एक माह पहले पंचायत भवन परिसर से सामान चुराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुखदेव निवासी कीर्ति नगर से 400 रुपये बरामद करके आरोपी को कारागार भेज दिया।
थाना शहर थानेसर में 25 मार्च कसे दर्ज शिकायत में रमेश कुमार ने बताया था कि वह पंचायत भवन में बतौर चौकीदार नियुक्त है। 24 मार्च की रात को चोर पंचायत भवन का शीशा तोड़कर उसमें लगे दो एसी की तांबे की तार वाली गैस पाइप चुरा ले गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए आरोपी सुखदेव को कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से 400 रुपये की नकदी बरामद की गई। आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया। संवाद