सनौली। व्यापारी पर फायरिंग के आरोपी दिलशाद को गिरफ्तारी करने के लिए बापौली गांव पहुंची घरौंडा थाने की पुलिस पर आरोपी के परिजनों ने हमला कर दिया। सूचना पर बापौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
आरोपियों ने दोनों थानों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। बापौली थाने में सात आरोपियों को नामजद करते हुए नौ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बापौली थाना प्रभारी वीरेंद्र ने बताया कि बापौली निवासी दिलशाद के खिलाफ घरौंडा थाने में एक व्यापारी पर फायरिंग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज है।
मंगलवार को घरौंडा थाने की पुलिस दिलशाद को गिरफ्तार करने के लिए बापौली पहुंची थी। टीम ने बापौली थाने से भी पुलिसकर्मियों को साथ लेकर दबिश दी। पुलिस ने घर से ही आरोपी को काबू कर लिया। इसी बीच दिलशाद के परिजनों ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला कर दिया। धक्का-मुक्की कर पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस आरोपी दिलशाद को हिरासत में लेकर थाने पहुंच गई। इसके बाद घरौंडा थाना पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
उधर, पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप आरोप में बापौली थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। दिलशाद, उसके भाई इरशाद और अन्य परिजनों को नामजद करते हुए नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है। बापौली थाना प्रभारी वीरेंद्र ने बताया कि दिलशाद के खिलाफ घरौंडा थाने के अतिरिक्त भी कई अन्य थानों प्राथमिकी दर्ज की हैं।