कुरुक्षेत्र। पुलिस महानिदेशक हरियाणा ओपी सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश पुलिस द्बारा ऑपरेशन ट्रैक डाउन की सफलता के बाद ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन चलाया गया है। इसके तहत जिला पुलिस द्वारा भी अपराध और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए लगाम कसी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में सभी डीएसपी तथा थाना प्रभारियों को आदेश दिए हुए हैं।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन 30 नवंबर से शुरू हुआ है। इसके तहत जिला पुलिस ने अब तक 71 मामले दर्ज करके 79 आरोपियों को काबू किया है। अभियान में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत 10 मामलों में 12 आरोपियों से 33.05 ग्राम स्मैक, 27 किलो 930 ग्राम चूरापोस्त, तीन किलो 600 ग्राम गांजा व एक किलो 50 ग्राम अफीम, आबकारी अधिनियम के तहत 41 मामलों में 44 आरोपियों से 294 बोतल देशी शराब, पांच बोतल कच्ची देशी शराब व 377 लीटर लाहन तथा जुआ अधिनियम के तहत 20 मामलों में 23 आरोपियों से 29730 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने जिलावासियों से अपील की है कि वे भी ऐसे स्थानों की जानकारी पुलिस के साथ सांझा करें ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि कई क्षेत्रों को पुलिस ने चिन्हित किया गया है, जहां पर पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। इसके अलावा, बाहरी राज्यों या अन्य जिलों से आकर रह रहे व्यक्तियों की निगरानी के लिए रेसीडेंट्स वेल्फेयर एसोसिएशन के माध्यम से सत्यापन करवाया जा रहा है। पुलिस टीमें मौके पर जाकर जांच कर रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की सूची एकत्र की जा रही है और उनके बैकग्राउंड की जांच भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस विशेष अभियान को मजबूत करने के लिए पूरे जिले में डॉग स्क्वॉड की मदद से कॉम्बिनेशन ऑपरेशन चलाया जा रहा है।