पिहोवा। स्वतंत्रता दिवस समारोह को मनाने के लिए तैयारियां जोरों से की जा रही हैं। इसके तहत बुधवार को अनाज मंडी में रिहर्सल के दूसरे दिन प्रदेश पुलिस की टुकड़ी और चयनित स्कूलों के बच्चों ने मास पीटी की रिहर्सल की। रिहर्सल में डीएसपी रणधीर सिंह, एसएचओ सुनील वत्स व बीईओ रामराज ने परेड की सलामी ली।
उपमंडल अधिकारी नागरिक गुरविंद्र सिंह ने कहा कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ सुबह 9 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद 9:02 बजे मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। 9:10 बजे मुख्य अतिथि जनता के समक्ष अपना संदेश रखेंगे और 9.25 बजे मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। 10:05 बजे प्रशंसा पत्र व पारितोषिक वितरण कार्य किया जाएगा।
10:25 बजे राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के बच्चे भाग लेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके अतिरिक्त कई स्कूलों की ओर से डम्बल, योगा, मास पीटी और स्काऊट का भी अभ्यास करवाया गया।