कुरुक्षेत्र। न्यू कॉलोनी में नाले की सफाई और निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई करते समय पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटने के साथ तेज आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में नाले की सफाई और निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई करते समय अचानक भूमिगत गैस पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही तेजी के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया और तेज आवाज के कारण लोगों में दहशत फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत काम रुकवाया और प्रशासन को सूचना दी।
स्थानीय निवासी रामस्वरूप, जयकरण, लीलाधर आदी ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। लोगों ने आरोप लगाया कि बिना तकनीकी जांच और आवश्यक सावधानियों से खुदाई कार्य किया जा रहा था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में काफी समय तक भय का माहौल बना रहा। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद एचपी ऑयल प्राईवेट लिमिटेड व अन्य संबंधित विभाग और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद गैस आपूर्ति को नियंत्रित करने और लीकेज बंद करने का कार्य शुरू किया गया। तकनीकी कर्मचारियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाइपलाइन की मरम्मत कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। प्रशासन ने मामले की जांच और भविष्य में सुरक्षा उपायों को लेकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।
-
पहले भी सेक्टर-8 में पाइपलाइन हो चुकी है लीकेज
सेक्टर-8 में कुछ माह पहले भी पीएनजी की पाइपलाइन लीकेज हो गई थी। उस समय भी कोई जनहानि नहीं हुई थी, परंतु बार-बार इस तरह से पाइपलाइन का लीकेज होना या क्षतिग्रस्त होने से लोगों में भय का माहौल बन रहा है। लोगों ने बताया कि कई क्षेत्रों में इन लाइनों के स्पष्ट साइन बोर्ड तक नहीं है। ऐसे में लोग पानी का नया कनेक्शन लेने के लिए भी कई बार इस लाइन को खोद देते हैं। लोगों ने मांग की है कि जहां-जहां से पाइपलाइन गुजर रही है, वहां स्पष्ट व सटीक साइन बोर्ड लगाए व समय-समय पर इनकी देखभाल हो।
-
पीएनजी गैस हवा के संपर्क में आग नहीं पकड़ती : नरेश
जिला खाद्य व आपूर्ति अधिकारी ने कहा कि पीएनजी लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी। संबंधित कंपनी की टीम मौके पर पहुंची व अन्य सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए पुलिस व प्रशासन के कर्मचारियों ने स्थिति को काबू किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने बताया कि पीएनजी गैस पूर्ण रूप से सुरक्षित है क्योंकि पीएनजी गैस हवा के संपर्क में आने के बाद आग नहीं पकड़ती है और इसमें कोई धमाका नहीं होता है। विभाग भी अपने स्तर पर यह सुनिश्चित करने में लगा हुआ है कि आगे ऐसा कोई हादसा न हो। कंपनी को ऐसी जगह साइन बोर्ड लगाने के आदेश दिए गए है।
कुरुक्षेत्र। पीएनजी की पाइप फटने के बाद नाले के पानी के साथ गैस का रिसाव होते हुए। संवाद