कुरुक्षेत्र। सरकार की ओर से श्रमिकों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए पीएम-विश्वकर्मा योजना शुरू की है। इस योजना में 18 हस्त व्यवसायों को शामिल किया गया है। इसलिए इस योजना में जिला के अधिकाधिक नागरिकों को लाभ दें ताकि सरकार का अंत्योदय का लक्ष्य पूरा हो सके। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि योजना का गांव स्तर पर पूरा प्रचार करें और लाभार्थी को मौके पर ही लाभ देने की कोशिश करें ताकि अधिकाधिक लोग इसका फायदा उठाकर अपने जीवन स्तर को ऊंचा उठा सकें।
उन्होंने बताया कि इस योजना में नाव बनाना, शस्त्रागार, लुहार, हथौड़ा व लोहे के औजार बनाना, ताला बनाना, सुनार, कुंभकार, मूर्तिकार, मोची, राजमिस्त्री, टोकरी, सुथार, चटाई बनाना, गुड़िया व खिलौने बनाना, बारबर, धोबी, दर्जी और मछली पकड़ने के जाल बनाने का काम शामिल है। योजना में विभिन्न व्यवसायों से जुड़े दस्तकारों को प्रशिक्षण, टूल किट व बैंक लोन की सुविधा प्रदान की जाएगी। योजना में कारीगरों को पहले पीएम विश्वकर्मा.जीओवी.इन पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होगा।