कुरुक्षेत्र। पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल उमरी। संवाद
पिपली। उमरी का पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल में रेसलिंग और बॉक्सिंग खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्पोर्ट्स तैयार किया जाएगा। केंद्र सरकार की योजना के तहत इस परियोजना के लिए इस स्कूल का चयन किया गया है। इस स्कूल के प्रांगण में खेलों के लिए बहुउद्देश्यीय हॉल का निर्माण किया जाएगा।
जिले को बॉक्सिंग व रेसलिंग के खेलों में मजबूत करने के लिए उमरी में स्पोर्ट्स सेंटर के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही खेलों के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा। इस सेंटर पर खिलाड़ियों पर्याप्त मात्रा में खेलों का सामान उपलब्ध होगा और खिलाड़ियों को अच्छी ट्रेनिंग के लिए कोच नियुक्ति किए जाएंगे, जो खिलाड़ियों को खेलों की तकनीक से अवगत करवाएंगे। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा का कहना है कि प्रदेश सरकार प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए एक बड़ी योजना है। शिक्षा विभाग ने राज्य के हर जिले में स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर खोलने जा रही है। इस पहल के तहत जिला स्तर पर पीएमश्री स्कूलों का चयन किया गया है, जिन्हें मॉडर्न खेल सुविधाओं से लेस किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार कुरुक्षेत्र के उमरी स्कूल में बॉक्सिंग व रेसलिंग के एक्सीलेंस सेंटर होंगे।
बजट की मंजूरी के लिए भेजा प्रस्ताव
शिक्षा विभाग ने चयनित स्कूलों की सूची और विस्तृत प्रस्ताव वित्त विभाग को भेज दिया है। बजट की मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य के लिए फंड जारी कर दिए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि अगले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले स्कूलों में इन केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को अपने ही जिले में विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
खिलाड़ियों के अभ्यास में मौसम बाधा नहीं बन सकेगा
इस सेंटर के निर्माण के बाद खिलाड़ियों के अभ्यास में मौसम बाधा नहीं बन सकेगा। खिलाड़ी लगातार अपने खेल का अभ्यास कर सकेंगे, इससे न सिर्फ खिलाड़ियों व छात्रों को स्पोर्ट्स में अच्छा करने में मदद मिलेगी, बल्कि आसपास के इलाकों से और स्टूडेंट्स सरकारी स्कूल की तरफ आकर्षित होंगे और इससे विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ेगी।