संवाद न्यूज एजेंसी
पिहोवा। सांसद खेल महोत्सव 2.0 के तहत पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में खिलाड़ियों के बीच विभिन्न खेल मुकाबले हुए। प्रतियोगिताओं में सारसा और संधोला की टीमों का दबदबा रहा। हॉकी, रस्साकशी, क्रिकेट और बॉक्सिंग सहित अलग-अलग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में महिला हॉकी में ग्राम पंचायत सारसा और खेल नर्सरी सारसा की टीमों ने जीत दर्ज की। पुरुष रस्साकशी में पहलवान ग्रुप संधोला और बटेहड़ी की टीमें विजेता रहीं। वहीं, महिला वर्ग की रस्साकशी में यशव एथलेटिक एकेडमी सारसा और ब्राइट फ्यूचर इंटरनेशनल एकेडमी की टीमों ने बाजी मारी।
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में गवर्नमेंट स्कूल गऊचरान, हेलवा, झिमरेड़ी खेल नर्सरी, रुआं 11, ककराला गुजरान और जुरासी कलां जूनियर्स की टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। महिला बॉक्सिंग के 48 किलोग्राम भार वर्ग में अलीशा, 51 में नीरू, 54 में प्रीति, 57 में तमन्ना, 60 में हरमन, 65 में अर्चना, 70 में कुशविंदर, 75 में तमन्ना, 80 में स्वाति और 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में जसप्रीत ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस दौरान जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लेना चाहिए।