कुरुक्षेत्र। सोशल ऑर्गेनाइजेशन गुदगुदी जंक्शन समूह की ओर से पांच दिवसीय पौधरोपण अभियान शुक्रवार को संपन्न हुआ। पौधारोपण अभियान के संयुक्त प्रभारी श्याम जुनेजा ने बताया कि श्री राष्ट्रीय संत सुरक्षा परिषद्,(उत्तर भारत) के उपाध्यक्ष एवं ठाकुरद्वारा प्राचीन श्री नाभिकमल मंदिर के महंत विशाल दास, श्री स्थानीश्वर महादेव मंदिर के व्यवस्थापक लक्ष्मीनारायण पुरी और बड़ा अखाड़ा उदासीन के मुकामी महंत देवीशरण दास के सान्निध्य में स्थानीश्वर महादेव मंदिर, बड़ा अखाड़ा उदासीन और नाभिकमल मंदिर में तुलसी, आंवला, नीम, पीपल, बड़, अमरूद, चीकू, जामुन, बेलपत्र, गुलमोहर, आम व नींबू इत्यादि वृक्षों के 30 पौधों के साथ साथ गुलाब व गुड़हल के फूलों की पौध लगाई गई।
पौधारोपण प्रभारी गुलशन ग्रोवर टीम द्वारा पूरे पांच दिवसीय पौधारोपण अभियान के दौरान कुरूक्षेत्र-थानेसर के सार्वजनिक स्थानों पर 200 फलदार एवं छायादार पौधे रोपित किए गए और 50 पौधे लोगों को वितरित किए गए। पौधारोपण अभियान समापन से पूर्व स्थानीश्वर महादेव मंदिर में समूह संरक्षक जितेंद्र बंसल,अध्यक्ष चंद्रमौलि गौड़,उपाध्यक्ष अनुज गौड़,संस्थापक सदस्य अवनी गुप्ता,पार्षद सतीश गर्ग,सुरेश गुप्ता,सतीश शर्मा,विनोद कुमार व अरुण शर्मा ने शिवार्चन किया गया। तत्पश्चात स्थानीश्वर महादेव मंदिर की वाटिका में पौधारोपण किया गया। इसके पश्चात बड़ा अखाड़ा उदासीन में भगवान श्रीचंद्र मंदिर में पूजा उपरांत पौधारोपण किया गया। बड़ा अखाड़ा उदासीन में सहभोज के साथ पौधारोपण अभियान संपन्न हुआ।