कुरुक्षेत्र। शहर के मुख्य बाजार में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए करीब 72 लाख रुपये की लागत से पानी निकासी की पाइप लाइन बिछाई जा रही है, जो ग्राहकों से लेकर दुकानदारों के लिए भी जी का जंजाल बन चुकी है। पिछले करीब 15 दिनों से पाइप लाइन आगे नहीं बढ़ पा रही है, जिसके चलते न केवल हर समय हादसे का खतरा रहता है बल्कि नगर प्रशासन की अनदेखी भी सामने आ रही है।
हालांकि यह प्रोजेक्ट जल्द पूरा कर लिए जाने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन कभी कछवा चाल से कार्य चल रहा है तो कभी बंद ही हो जाता है। करीब एक माह पहले शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट के तहत पाइप लाइन अभी आधे बाजार तक भी नहीं पहुंच पाई है जबकि पाइप लाइन के मुहाने पर बने गड्ढे व आसपास तोड़ी गई सड़क भी परेशानी का कारण बन चुकी है। अब बारिश के चलते यह समस्या और भी गंभीर हो चुकी है।
दुकानदार बोले, ठप हो रहा कामकाज
बाजार में दुकानदारों संजीव कुमार, प्रतीक व संजय का कहना था कि पहले यह कार्य रात के समय किया जाने लगा था लेकिन पिछले कुछ दिनों से पाइप लाइन डाले जाने का कार्य बंद है। हालांकि जहां तक पाइप लाइन डाली जा चुकी है वहां तक सड़क भी बेहद मुश्किल से ही दोबारा बन पाई है। त्योहारी सीजन में ये हालात होने के बावजूद उनका कामकाज ठप होने लगा है। ग्राहकों का निकलना तक दुभर है।
बारिश की वजह से रोका गया था काम : ईओ
नगर परिषद ईओ राजेश कुमार का कहना है कि पिछले दिनों हुई बारिश के चलते ही काम को रोका गया था। अब मौसम साफ होते ही काम फिर से शुरू होगा। इसे जल्द पूरा कराने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि दुकानदारों व बाजार में आने वाले लोगों को परेशानी न हो। यह प्रोजेक्ट पूरा होने पर बाजार में जलभराव से बचा जा सकेगा।