कुरुक्षेत्र। नहर में गिरे पिकअप को निकालते हुए। संवाद
कुरुक्षेत्र। गांव ज्योतिसर के समीप पिहोवा रोड पर बुधवार को टक्कर के बाद पिकअप गाड़ी भाखड़ा नहर में गिर गई और उससे टकराई कार भी नहर पर लगे जाल पर अटक गई। पिकअप सवार चालक सहित दोनों लोगों को बचा लिया गया। गांव गुमथला गढू निवासी चालक मनजीत सिंह पिकअप में यमुनानगर से प्लाई लोड कर पिहोवा की ओर जा रहा था।
उसके आगे ही ज्योतिसर नहर पुल के पास बिमल कुमार बाइक पर जा रहा था। बताया जा रहा है कि उनके आगे चल रही कार के चालक ने नहर में नारियल डालने के लिए ब्रेक लगा दिए। ऐसे में बाइक चालक को बचाने के लिए पिकअप सवार ने प्रयास किया लेकिन उसकी टक्कर कार से हो गई। इसके बाद पिकअप नहर पर लगे जाल को तोड़कर पानी में जा गिरी।
सूचना मिलते ही पहुंचे गोताखोरों ने पिकअप चालक व उसके साथ सवार एक व्यक्ति को बचा लिया। वहीं बाद में पिकअप को भी निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान पिहोवा रोड पर कुछ समय के लिए जाम भी लगा रहा जिससे दूसरे राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। ज्योतिसर पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने कहा कि पिकअप चालक को कुछ चोटें आई हैं लेकिन जानी नुकसान बच गया।
कुरुक्षेत्र। नहर में गिरे पिकअप को निकालते हुए। संवाद