कुरुक्षेत्र। लोक नायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में नाबालिग से यौन उत्पीड़न मामले में आरोपी डॉक्टर शैलेंद्र शैली के खिलाफ बड़ी संख्या में एससी समाज के लोग सड़क पर उतर आए और जमकर नारेबाजी की। आरोपी डॉक्टर का पुतला जलाया तो उन्हें फांसी देने की मांग उठाई।
समाजसेवी रीटा सोल्खे, समाज के लोकसभा प्रधान राजकुमार व अन्य मौजिज लोगों के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे लोगों ने संबंधित नर्सों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह बेहद घिनौना कार्य किया गया है, जो सहन नहीं किया जा सकता। जिस डॉक्टर का पहले ही ऐसा रिकार्ड रहा है वहां बिन स्टाफ नर्स के कैसे भेज दिया गया। ऐसी नर्सों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नर्सें इस मामले में अपनी गलती मानने की बजाए महिला आयोग की अध्यक्ष रही रेनू भाटिया पर ही दबाव बनाती रही। इन नर्सों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि डॉ. शैली की डिग्री रद्द की जानी चाहिए तो उसे नौकरी पर रखने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रेनू भाटिया का इस्तीफा नहीं होना चाहिए था। वे पीड़िता नाबालिग की आवाजा उठाने के लिए पहुंची थी ताकि न्याय दिलाया जा सके। जब तक आरोपी डॉक्टर को फांसी नहीं दी जाती तब तक आंदोलन चलाया जाएगा।