कुरुक्षेत्र। धनतेरस से शुरू हुए पंच दिवसीय प्रकाश पर्व का समापन बुधवार को भाई-दूज के साथ हुआ। इस त्योहार के अंतिम दिन भी लोगों में उत्साह बना रहा। बाजारों में भी खूब चहल-पहल देखी गई।
विज्ञापन
मिठाइयों, ड्राई फ्रूट्स, कपड़ों और आकर्षक उपहारों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें दिखीं। भाइयों ने अपनी बहनों को खास तोहफे देने के लिए जमकर खरीदारी की, इससे स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में खासा उत्साह रहा।
घरों में बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र के लिए आरती की थालियां सजाईं। उन्होंने मुहूर्त के साथ तिलक किया, आरती की और मुंह मीठा करवाया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर साथ निभाने का वचन दिया। दूर शहरों में रहने वाले भाई-बहनों ने वीडियो कॉल से बधाइयां दीं।