ऑनलाइन शॉपिंग साइट ओलेक्स पर बाइक बिक्री की बात कहकर धोखाधड़ी करने वाले पानीपत के दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दोनों पेटीएम नाम डिजिटल पेमेंट कंपनी का कर्मचारी बन लोगों को चूना लगा रहे हैं।
आजाद नगर निवासी प्रदीप नैन ने बताया कि सोशल साइट ओएलएक्स पर एक स्कूटी बेचने का विज्ञापन उसने देखा। स्कूटी बेचने वाले ने राकेश फौजी बताया। राकेश ने उसे ऑनलाइन स्कूटी दिखाई। इसके बाद दोनों में सौदा तय हो गया। राकेश ने किसी पप्पू नाम के व्यक्ति की खाता संख्या देते हुए उसमें तय रकम ट्रांसफर करने के लिए कही। प्रदीप ने 19 जून को बताए गए बैंक खाते में 48, 500 रुपये जमा करा दिए। खाते में रुपये आने के अगले दिन राकेश ने प्रदीप के पते पर स्कूटी भेजने की बात कही। अगले दिन स्कूटी न मिलने पर जब प्रदीप ने उससे फोन पर बात की तो वह टाल मटोल करने लगा ।
यहीं नहीं कुछ दिन बाद राकेश ने अपना फोन ही बंद कर दिया। जब पीड़ित ने दूसरे नंबर से फोन पर बात की तो वह उसके साथ बदतमीजी के साथ पेश आया और उसके साथ गाली-गलौच की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपित ने पेटीएम कस्टमर केयर बनकर बात की और पूरी घटना की जानकारी ली और कहा कि वह इस खाते को सीज करवा दूंगा। शिकायतकर्ता ने जब पेटीएम से ट्वीट के माध्यम से संपर्क किया तो पता चला कि वह पेटीएम का कोई कर्मचारी नहीं है। यह एक गैंग है जो आम जनता को लाखों रुपये का चूना लगा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पानीपत के पुरावल कॉलोनी निवासी राकेश कुमार व पप्पू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।