संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सीएम विंडो न केवल आमजन बल्कि विद्यार्थियों के लिए भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए रामबाण साबित होती नजर आ रही है। वर्ष 2019 से विद्यार्थियों रुकी फीस का भुगतान सीएम एमिनेंट पर्सन प्रदीप झांब और गुरनाम मंगोली की मध्यस्थता में सीएम विंडों के माध्यम से किया गया।
दरअसल वर्ष 2019 में शाहजादपुर के इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट के 10 विद्यार्थियों को 9वें सेमेस्टर में रंभा जिला करनाल के निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में शिफ्ट किया गया था। जहां इन्होंने फीस जमा कराई। जब इन विद्यार्थियों द्वारा अपने पुराने कॉलेज में जमा कराई गई फीस का रिफंड मांगा गया तो उन्हें लटकाए रखा गया। लंबे इंतजार के बाद भी उनकी फीस वापस नहीं हुई तो उन्होंने सीएम विंडो का दरवाजा खटखटाया।
सीएम एमिनेंट पर्सन प्रदीप झांब और गुरनाम मंगोली ने विद्यार्थियों के भविष्य और उनकी रुकी हुई फीस के मामले को गंभीरता से लेते हुए इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए कॉलेज के प्रतिनिधियों, शिकायतकर्ता विद्यार्थियों और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि को बुलाया गया। दोनों पक्षों की ओर से दिखाई गई कागजी प्रक्रिया के बाद मौके पर ही कॉलेज प्रबंधन द्वारा 8 विद्यार्थियों की रुकी हुई 45-45 हजार रुपये राशि का भुगतान उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया।
शेष दो विद्यार्थियों के कागजी कार्रवाई पूरी होने पर उनकी भी रुकी हुई राशि का भुगतान हो जाएगा। आर्किटेक्ट के विद्यार्थी कविता मागो, साहिल गोयल रोहित सिंगला, रवि कुमार, रमेश कुमार, हरमनदीप सिंह, विनय कुमार, सुनील कुमार आदि ने सीएम एमिनेंट पर्सन झांब और मंगोली का भी आभार प्रकट करते हुए कहा कि सीएम विंडो पर सही मायनों में आमजन की समस्याओं का समाधान गंभीरता से कराया जा रहा है।