कोरोना वायरस का खौफ लोगों के जहन में इस कदर बैठ गया कि वे अस्पतालों में जाने से डर रहे हैं। मरीजों को केवल दवाई देकर काम चलाया जा रहा है। सिजेरियन को छोड़कर कहीं भी कोई सर्जरी नहीं की जा रही है। मरीजों को सिर्फ तारीख देकर लौटाया जा रहा है। जबकि हड्डी रोग विशेषज्ञ भी मरीजों को प्लास्टर बांधकर सर्जरी के लिए आगामी तरीख दे वापस भेज रहे हैं।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से पहले जहां जिला अस्पताल की ओपीडी रोजाना औसतन 1300 से 1450 थी, जो अब घटकर 400 से 450 तक पहुंच गई हैं। इनमें से 100 से 150 तक ओपीडी मेडिसिन विभाग की है, जबकि 30 से 40 ओपीडी ऑर्थो, 30 से 40 ओपीडी सर्जरी, 10 से 15 ईएनटी, 10 से 20 दंत रोग विभाग, 40 से 50 मनोरोग, 30 से 40 ओपीडी नेत्र रोग विभाग की है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब ओपीडी का समय सुबह 8 से 11 बजे तक का निर्धारित किया गया है।
उधर, स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के खतरे के मद्देनजर सिजेरियन को छोड़कर अन्य सभी ऑपरेशन करने पर पूर्णतया पाबंदी लगाई गई है। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमण का खतरा देख 25 अप्रैल से ऑपरेशन थियेटर बंद किया गया था। जिला अस्पताल के मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर में जहां हड्डी रोग विशेषज्ञ सप्ताह में निर्धारित तीन दिनों में 8 से 10 मेजर ऑपरेशन करते थे, अब मरीजों को प्लास्टर बांधकर काम चला रहे हैं। ऑपरेशन थियेटर खुलने के बाद ही उनका ऑपरेशन किया जाएगा। इसके अलावा नेत्र रोग विशेषज्ञ सप्ताह में 50 से 60 मरीजों की आंखों की सर्जरी करते थे और सर्जन सप्ताह में 5 से 6 मरीजों की मेजर सर्जरी। लेकिन अब मरीजों को आगामी तारीख दी जा रही है। सरकारी अस्पताल ही नहीं शहर के अन्य निजी अस्पतालों में भी सर्जरी को कोरोना के चलते अस्थाई तौर पर बंद किया गया है।
एलएनजेपी अस्पताल के विशेषज्ञों के अनुसार जिला अस्पताल की ओपीडी में 60 से 70 फीसदी ओपीडी घट चुकी है, लेकिन सुबह 8 से 11 बजे तक जो भी मरीज अस्पताल में जांच कराने पहुंच रहे हैं। उन मरीजों को अतिरिक्त दवा देकर घर पर रहने की नसीहत दे रहे हैं, ताकि अपने घर पर रहकर वे खुद भी सुरक्षित रह सके और दूसरों को भी सुरक्षित रख सके।
संक्रमण के चलते बंद किए ऑपरेेशन : डॉ. अग्रवाल
एलएनजेपी अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सारा अग्रवाल का कहना है कोरोना संक्रमण का खतरा देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सामान्य सर्जरी बंद करने के आदेश दिए थे। विभाग के आदेशानुसार सामान्य सर्जरी को बंद किया गया है। अस्पताल में इमरजेंसी ऑपरेशन ही किए जा रहे हैं। जैसे ही कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होगा तभी सामान्य मरीजों के ऑपरेशन किए जा सकते हैं।