वार्ड नं 12 की पार्षद बाला देवी की शैक्षणिक योग्यता को एसडीएम ने सही ठहराया है और अपनी रिपोर्ट डीसी कार्यालय कुरुक्षेत्र में भेज दी है। एसडीएम हवा सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले में जांच का जिम्मा सौंपा गया था और उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से जानकारी मंगवाकर अपनी रिपोर्ट भेज दी है। बाला देवी के पक्ष में रिपोर्ट आने से उनकी सदस्यता पर छाए अनिश्चितता के बादल अब छंट गए हैं।
बता दें कि बाला देवी की प्रतिद्वंद्वी रमनकौर सैनी ने हाईकोर्ट में बाला देवी के स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट पर सवालिया निशान लगाया था और उसकी याचिका पर हाई कोर्ट ने डीसी कुरुक्षेत्र को 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट देने के आदेश दिए थे। डीसी के आदेश पर एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी हवा सिंह ने इस संदर्भ में अपनी जांच की थी। एसडीएम ने बताया कि स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट देने वाले डीए होली एंजलस जूनियर हाई स्कूल खेड़ी अफगान, नकुड़ जिला सहारनपुर के संचालक शेर सिंह आर्य ने अपने स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार बाला देवी का प्रवेश क्रमांक 039 बताया और कहा कि 2-7-97 से 30-6-2000 तक प्रार्थी उनके स्कूल में पढ़ी और उसने आठवीं की परीक्षा पास की। उन्होंने बताया कि इस प्रमाण पत्र पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के हस्ताक्षर भी हैं। इस संदर्भ में दोबारा मांगी गई जांच में उक्त अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह स्कूल उत्तर प्रदेश माध्यमिक परिषद् से पंजीकृत नहीं है बल्कि बेसिक शिक्षा परिषद् इलाहाबाद से संबंध है और यह परिषद जूनियर हाई स्कूल की परीक्षाएं आयोजित करती है।