अनशन पर बैठे अभिभावक, दोबारा टेस्ट लेने की मांग
- फोटो : अमर उजाला
नियम 134ए के तहत प्राइवेट स्कूलों द्वारा दाखिला न दिए जाने और पिछले टेस्ट में फेल हुए विद्यार्थियों का दोबारा से टेस्ट न लिए जाने के विरोध में मंगलवार को आल इंडिया स्टूडेंट फेडरेशन एवं हरियाणा अभिभावक मंच के सदस्य फेडरेशन के अध्यक्ष प्रिंस की अध्यक्षता में सिटी के दुर्गानगर में अनशन पर बैठ गए।
प्रिंस ने कहा कि 10 मई को एआइएसएफ ने शिक्षा मंत्री के निवास का घेराव किया था। शिक्षा मंत्री ने तीन दिन में दोबारा परीक्षा लिए जाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों का नाम सूची में आ चुका है उन्हें भी प्राइवेट स्कूलों द्वारा दाखिला नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि सरकार शीघ्र ही नियम 134 को लागू करवाने और दोबारा परीक्षा लिए जाने के लिए कोई कठोर कदम उठाए। जब सरकार की ओर से कोई कठोर कदम नहीं उठाए जाते तब तक उनका यह अनशन जारी रहेगा। इस अवसर पर हैप्पी बलाना, सिमरप्रीत सिंह, पवन, अनिल, जगजीत सिंह, सुरभी, सुनील, जय भगवान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।