शनिवार को गांव संधौली के सरकारी स्कूल में मैथ टीचर द्वारा गांव चुनिया फार्म के दसवीं कक्षा के छात्र से मारपीट के मामले को लेकर रविवार को स्कूल परिसर में स्कूल टीचर व दोनों गांव के सरपंच सहित गणमान्य लोगों की पंचायत हुई। गांव संधौली के सरपंच जगदीश सेठी ने बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए। किसी भी बेकसूर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिये। बीते वर्षों से सरकारी स्कूल से कोई भी विवादित मामला सामने नहीं आया है। इस मामले को लेकर दोनों गांव की पंचायत सोमवार को पुलिस प्रशासन से भी मुलाकात करेंगी।
वहीं चुनिया फार्म के सरपंच मनजीत सिंह ने बताया कि आज शिकायतकर्ता परिवार कहीं बाहर गया हुआ था। इस कारण वे पंचायत में शामिल नहीं हो पाये। उनके वापिस आने के बाद ही कोई फैसला लिया जायेगा। उधर, डीएसपी धीरज कुमार ने मामले की जांच के लिये स्कूल पहुंचे। डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस निष्पक्ष रूप से मामले की जांच कर रही है। मामले की सच्चाई सामने आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जायेगी। बता दें गांव चुनिया फार्म के रहने वाले छात्र ने मैथ टीचर पर मारपीट करने का आरोप लगाकर पुलिस को शिकायत दी थी, जिसमें पुलिस ने टीचर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब इस मामले को लेकर स्कूल भी निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहा है। स्कूल प्रिंसिपल सतपाल रोहिल्ला ने बताया कि टीचर का कोई कसूर नहीं है बल्कि उक्त छात्र ने ही टीचर के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इससे पहले भी उक्त छात्र कई बार ऐसी हरकतें कर चुका है।