कुरुक्षेत्र। पदयात्रा निकालने के दौरान स्लोगन चार्ट लेकर खड़े अभ्यर्थी। संवाद
कुरुक्षेत्र। टीजीटी भर्ती का परिणाम जारी करवाने के लिए 7471/7508 टीजीटी संघ द्वारा पदयात्रा निकाली गई। यह यात्रा कोसली से शुरू हुई और पंचकूला जाने के लिए रवाना हुई जो कि शनिवार को तरावड़ी से चलकर पिपली पहुंची, जहां पर पैदल यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया व ग्रामीण द्वारा समर्थन दिया गया। इसके बाद पिपली में फाइन आर्ट की टीजीटी अभ्यर्थियों ने पैदल यात्रियों की टीम को ज्वाइन किया और बढ़-चढ़कर इस पैदल यात्रा में हिस्सा लिया। इसी के साथ कुरुक्षेत्र विवि में कार्यरत स्टाफ ने भी यात्रा को समर्थन दिया।
पदयात्रियों का कहना है कि उनका प्रयास है कि उनकी आवाज किसी न किसी माध्यम से सरकार तक पहुंच सके। इसके लिए टीजीटी अभ्यर्थियों द्वारा अनेक प्रयास किया जा रहे हैं। टीजीटी पैदल यात्रियों को ग्रामीण लोगों, सरपंचों के द्वारा पूरा सहयोग व समर्थन मिल रहा है। यह यात्रा टीजीटी प्रधान सुरेंद्र रावत की अध्यक्षता में चल रही है।
टीजीटी संघ के प्रधान सुरेंद्र रावत ने बताया कि वह टीजीटी अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम निकलवाने और ज्वाइनिंग के लिए पिछले एक वर्ष से लगातार संघर्ष कर रहे हैं। टीजीटी भर्ती का परिणाम निकलवाने के संबंध में वह प्रदेश के सभी उपायुक्त के अलावा 35 भाजपा विधायकों में 10 सांसदों को ज्ञापन देकर भर्ती पूरा करने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है इसके अलावा एचएसएससी के समक्ष भी महीने भर तक धरना दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के हजारों पद खाली है।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 29 फरवरी को 29000 भर्ती पूरे करने का आश्वासन दिया था। टीजीटी अभ्यर्थियों की पैदल यात्रा आज पिपली से चलकर शाहाबाद तक जाएगी। सरकार से यही अपील है कि जल्दी से जल्दी सरकार टीजीटी की भर्ती को पूरा करे। इस मौके पर वीरेन वतन बजरंग गोयत, देवेंद्र, विजेंद्र, सुशीला, पूनम, रोहित, प्रवीण, अशोक, सुरेश सहित अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे।