बाबैन। अनाजमंडी में धान की आवक बढ़ने लगी है। इधर बिगड़े मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को हुई बारिश से मंडी में कई क्विंटल धान भीग गया है। मंडी में अभी तक लगभग पीआर धान 4200 क्विंटल पहुंच चुकी है और 1509 लगभग 4800 क्विंटल मंडी में पहुंच चुकी है। किसान सतबीर रामपुरा, तरसेम संघौर, बलकार रामपुरा, बाबा गुरचरण सिंह, अशोक कुमार, कृष्ण चंद, बब्बु भगवानपुर, सोहन लाल व अन्य किसानों का कहना है कि अभी तक धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं हो सकी है। वे मंडी में बेचने के लिए धान लाए थे जो बारिश में भीग गया है। अब उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों का कहना है कि अधिकतर किसान हाईब्रीड बीज की किस्म को लगाते हैं जो 80 से 90 दिन में पककर तैयार हो जाते हैं और सरकार द्वारा 15 जून को धान लगाने के आदेश के अनुसार सरकार द्वारा धान की खरीद का कार्य 15 सितंबर को शुरू किया जाना चाहिए, लेकिन अब तक खरीद शुरू न होने से किसानों के लिए धान की खेती परेशानी का सबब बनकर रह गई है वहीं लगातार हो रही बारिश ने किसानों की रातों की नींद उड़ा दी है।
मंडी प्रधान हरिकेश सैनी का कहना है कि जिस तरह मंडी में धान की आवक हो रही है उसे देखते हुए जल्द से जल्द धान की खरीद शुरू होनी चाहिए, ताकि किसान व व्यापारी का नुकसान न हो। मार्केट कमेटी सचिव जसबीर सिंह ने कहा कि धान की खरीद को लेकर पूरी तैयारी है जैसे ही सरकार के द्वारा धान की खरीद का आदेश जारी होगा तुंरत खरीद शुरू कर दी जाएगी।